पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने स्काउट एवं गाइड मैदान से समाहरणालय तक विशाल पदयात्रा निकाली। पदयात्रा कोतवाली थाना, डाकबंगला, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।

इस दौरान बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग पदयात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में "लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर" के नारे गूंजते रहे और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।


नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, "यह मेरा नामांकन नहीं, बल्कि बिहार में बदलती हुई तस्वीर का नामांकन है। यह बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है और अपराधी प्रवृत्ति की राजनीति को सत्ता छोड़ने का संदेश है।" उन्होंने कहा कि बांकीपुर किसी पार्टी या नेता का गढ़ नहीं, बल्कि जनता का गढ़ है। जनता को तय करना है कि यह किसका गढ़ होगा। उनके अनुसार यह उपचुनाव केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन, जवाबदेह राजनीति और जनता की आवाज को मजबूत करने का चुनाव है। प्रशांत किशोर ने कहा कि यह चुनाव बिहार में भारतीय जनता पार्टी के अहंकार पर अंकुश लगाने और चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


