लखीसराय। जिले के लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उनके अपने जिले में उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन और पासपोर्ट विभाग की पहल एक बार फिर शुरू हो गई है। मंगलवार को समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 21 से 23 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कुल 165 आवेदकों के पासपोर्ट से जुड़े कार्य किए जाएंगे। शिविर का उद्घाटन डीएम शैलेन्द्र कुमार, उप क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (DRPO) रियाज नाजमी, DDC सुमित कुमार, ADM नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद DM ने पासपोर्ट सेवा वैन का निरीक्षण किया, जहां अधिकारियों ने उन्हें आवेदन से लेकर दस्तावेज सत्यापन तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

advertisement

डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि यह दूसरी बार है जब लखीसराय समाहरणालय परिसर में विशेष पासपोर्ट शिविर आयोजित किया जा रहा है। इससे जिले के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि लखीसराय में स्थायी पासपोर्ट कार्यालय नहीं होने के कारण लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए जमुई, मुंगेर, बेगूसराय या पटना जाना पड़ता था। ऐसे में यह तीन दिवसीय शिविर आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। उप क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (DRPO) रियाज नाजमी ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन 55 आवेदकों का स्लॉट निर्धारित किया गया है। इनमें 50 सामान्य आवेदक तथा 5 ऐसे आवेदक शामिल होंगे, जिनके मामलों में वीजा प्रक्रिया के दौरान विशेष पुलिस सत्यापन की आवश्यकता होती है। इस तरह तीन दिनों में कुल 165 लोगों को इस शिविर का लाभ मिलेगा।

पासपोर्ट शिविर का उद्धघाटन करते डीएम व अन्य
पासपोर्ट शिविर का उद्धघाटन करते डीएम व अन्य फोटो: लखीसराय लाइव

उन्होंने लोगों से अपील की कि पासपोर्ट बनवाने के लिए केवल आधिकारिक पासपोर्ट पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी दलाल या अनधिकृत एजेंट के झांसे में न आएं। इस दौरान पासपोर्ट नवीनीकरण कराने पहुंचे बड़हिया निवासी सुमन कुमार, जो वर्तमान में ताइवान में कार्यरत हैं, ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर से लोगों का समय और पैसा दोनों बचता है। साथ ही उन्होंने जिले के सांसद, विधायक और जिला प्रशासन से लखीसराय में स्थायी पासपोर्ट कार्यालय खोलने की मांग भी की, ताकि भविष्य में लोगों को बार-बार दूसरे जिलों की यात्रा न करनी पड़े।

पासपोर्ट रीन्यू करवाने आए ताइवान में रहने वाले बड़हिया निवासी सुमन कुमार

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के जुलाई माह में भी लखीसराय समाहरणालय परिसर में विशेष पासपोर्ट शिविर का आयोजन किया गया था। उस शिविर को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिला था। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी पासपोर्ट विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशेष शिविर आयोजित किया है, जिससे जिले के नागरिकों को अपने ही जिले में पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।