लखीसराय। बिहार की बेटी ऋचा कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित 21वीं अंडर 18 नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में ऋचा ने 3000 मीटर वॉक रेस में पूरे बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए 18वां स्थान हासिल किया।

राष्ट्रीय मंच पर बिहार का प्रतिनिधित्व

1 से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के युवा एथलीटों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा किया गया। ऐसे बड़े राष्ट्रीय मंच पर बिहार का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में ऋचा कुमारी के लिए बड़ी उपलब्धि है। ऋचा कुमारी लखीसराय जिले के बड़हिया प्रखंड के खुटहाडीह निवासी जयंत सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने जय हिंद युवा क्लब, खुटहाडीह से जुड़कर खेल की शुरुआत की और लगातार अभ्यास व मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी जगह बनाई।

ऋचा कुमारी
ऋचा कुमारीफोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

जय हिंद युवा क्लब से राष्ट्रीय स्तर तक का सफर

ऋचा की इस उपलब्धि में जय हिंद युवा क्लब खुटहाडीह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। क्लब के ट्रेनर बीएसएफ से सेवानिवृत्त विजय सर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं, जबकि रामशोभा सिंह क्लब के सचिव हैं। क्लब के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेकर ऋचा ने अपनी प्रतिभा को निखारा और राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया। उनकी सफलता से खुटहाडीह और आसपास के क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर 3000 मीटर वॉक रेस में 21वां स्थान हासिल करने वाली ऋचा ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं में भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। उनकी इस उपलब्धि से आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। ऋचा की इस उपलब्धि पर परिजनों, जय हिंद युवा क्लब के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।