लखीसराय। जिले में परीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग तथा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने मंगलवार को प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम (Strong Room) एवं परीक्षा भवन (Examination Hall) के निर्माण के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने प्लस-2 देढ़नाथ उच्च विद्यालय, शर्मा तथा उच्च विद्यालय, बिहरौरा में उपलब्ध भूमि का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालय परिसरों में उपलब्ध भूमि का विभागीय मानकों के अनुसार आकलन किया गया। जांच में पाया गया कि दोनों विद्यालयों के पास बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और दोनों भूखंड निर्माण के लिए उपयुक्त हैं।

advertisement
निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रस्तावित स्थलों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य में भवन निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्लस-2 देढ़नाथ उच्च विद्यालय, शर्मा जिला मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे परीक्षा संचालन, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन और प्रशासनिक निगरानी में काफी सुविधा होगी। वहीं उच्च विद्यालय, बिहरौरा का परिसर भी विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त पाया गया।

भूमि सत्यापन और सीमांकन जल्द पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित अंचलाधिकारी को दोनों भूखंडों की विधिवत पैमाइश, सीमांकन और भूमि से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागीय मानकों के अनुरूप विस्तृत प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव तैयार कर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को जल्द भेजने को कहा, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।

निरीक्षण करते डीएम
निरीक्षण करते डीएम फोटो: लखीसराय लाइव

जिले को मिलेगी आधुनिक परीक्षा अवसंरचना

डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा भवन बनने से लखीसराय में बोर्ड और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के लिए आधुनिक एवं सुरक्षित आधारभूत संरचना विकसित होगी। इससे परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्री का सुरक्षित भंडारण, परीक्षा संचालन में पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। आवश्यकता पड़ने पर इस भवन का उपयोग अन्य शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा।

advertisement

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी कर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया है, ताकि बिहार सरकार और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लखीसराय जिले को समय पर मिल सके।