सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। पत्नी की मौत के तीन दिन बाद युवक की मौत ने पूरे लखीसराय जिले को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर से तीन दिन पहले एक बेटी की अर्थी उठी थी, उसी परिवार में अब एक और जवान बेटे की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। निस्ता गांव की गलियों में मातम पसरा है और लोगों की जुबान पर बस एक ही सवाल है—आखिर इतनी बड़ी त्रासदी एक ही परिवार पर क्यों टूटी? सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निस्ता वार्ड संख्या-10 निवासी 19 वर्षीय छोटू मल्लिक उर्फ माको का शव गुरुवार सुबह उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक अशोक मल्लिक का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार सुबह जब दादा उसे खोजते हुए कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। छोटू फंदे से लटका हुआ था। देखते ही देखते पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई एमडी आलम और एएसआई मणिकांत यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए लखीसराय से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए ।एफएसएल प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट अनुसंधान पदाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

तीन दिन पहले हुई थी पत्नी पूजा कुमारी की मौत
परिजनों ने बताया कि छोटू मल्लिक ने इसी वर्ष होली से चार दिन पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी पूजा कुमारी, जो रामपुर मल्लिक टोला निवासी लक्ष्मण मल्लिक की पुत्री थी, की 3 अगस्त की शाम मौत हो गई थी। पत्नी के निधन के बाद छोटू गहरे सदमे में चला गया था। परिजनों का कहना है कि वह लगातार चुप-चुप रहने लगा था और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था। हालांकि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

गांव में पसरा मातम, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
लगातार तीन दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत की खबर फैलते ही पूरे निस्ता गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।






