लखीसराय: शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर नगर परिषद द्वारा गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के लिए प्रतिदिन स्थायी पुलिस बल एवं ट्रैफिक पुलिस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। नगर परिषद के प्रस्ताव के आधार पर जारी पत्र में कहा गया है कि विद्यापीठ चौक से जमुई मोड़, पचना रोड और चितरंजन रोड पर यातायात को सुचारु बनाए रखने और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए गठित QRT दो पालियों में कार्य करेगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 1 बजे तक तथा दूसरी पाली 2 बजे से 6 बजे तक अभियान चलाएगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर लोगों को जाम से राहत दिलाना है। नगर परिषद ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थायी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस बल की मांग की है, ताकि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था भी बनी रहे। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब लखीसराय शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इससे पहले भी बड़े पैमाने पर कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही सड़क और फुटपाथों पर दोबारा अतिक्रमण हो गया। ऐसे में इस बार जारी आदेश का अनुपालन कितना प्रभावी और स्थायी साबित होता है, इस पर शहरवासियों की नजर रहेगी। शहर की सबसे बड़ी समस्या विद्यापीठ चौक से जमुई मोड़ तक का रास्ता है। सामान्य दिनों में कुछ मिनट का यह सफर अक्सर जाम के कारण घंटों में बदल जाता है। सड़क किनारे और फुटपाथों पर दुकानदारों के कब्जे के कारण पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी होती है। अब देखना होगा कि प्रशासन का यह नया अभियान शहर को जाम और अतिक्रमण से कितनी राहत दिला पाता है।
होम





