लखीसराय : बड़हिया नगर परिषद के वार्ड नंबर 26, चुहरचक निवासी अपर्णा कुमारी ने स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र में सिल्वर मेडल प्राप्त कर अपने परिवार, महाविद्यालय और पूरे बड़हिया क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपर्णा को यह सम्मान बुधवार को मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दीक्षा समारोह में समारोहपूर्वक प्रदान किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार सिंह की मौजूदगी रही। अपर्णा कुमारी कार्यानंद शर्मा स्मारक महाविद्यालय, लखीसराय की छात्रा रही हैं। उन्होंने स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र में 7.8 CGPA प्राप्त कर अपने महाविद्यालय में दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

सिल्वर मेडल के साथ अर्पणा
सिल्वर मेडल के साथ अर्पणा फोटो: लखीसराय लाइव

दादाजी को माना प्रेरणास्रोत

अपर्णा चुहरचक निवासी किड्स भारती विद्यालय के संचालक मुकुंद कुमार रामदुलार एवं गृहिणी रीना कुमारी की बड़ी बेटी हैं। अपनी सफलता का श्रेय अपर्णा ने अपने दादाजी गोपेश प्रसाद सिंह को दिया है, जो उच्च विद्यालय जैतपुर में अर्थशास्त्र के शिक्षक रहे हैं। अपर्णा ने बताया कि दादाजी के शिक्षण और अर्थशास्त्र के प्रति उनके समर्पण से प्रेरित होकर उन्होंने इसी विषय में आगे की पढ़ाई करने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि हासिल किया गया यह सिल्वर मेडल उनके दादाजी की प्रेरणा और अपने परिश्रम का प्रतिफल है।

advertisement

JRF- NET परीक्षा पास करना अगला लक्ष्य

▶ वीडियो देखने के लिए टैप करें
सिल्वर मेडल प्राप्त करती अपर्णा

अपर्णा की उपलब्धियों का सफर अभी थमा नहीं है। अब उनका अगला लक्ष्य विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा आयोजित JRF- NET परीक्षा को सफलतापूर्वक पास करना है। इसके लिए वह आगे भी अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखना चाहती हैं। अपर्णा को सिल्वर मेडल मिलने पर उनकी दादी कृष्णा देवी, चाचा एवं शिक्षक गिरीश कुमार, प्रतिभा चयन एकता मंच बड़हिया के अध्यक्ष डॉ. रामरूप दास, उपाध्यक्ष डॉ. रामप्रवेश सिंह, सचिव पीयूष कुमार झा, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विपिन कुमार सिंह, उच्च विद्यालय जैतपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह सहित कई लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। बड़हिया की बेटी अपर्णा की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोग गर्व की बात मान रहे हैं। उनकी सफलता न सिर्फ परिवार के लिए खुशी का अवसर है, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी मेहनत और लगन की प्रेरणा बनी है।