लखीसराय: जिला मुख्यालय स्थित निबंधन कार्यालय में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवर निबंधन पदाधिकारी के कक्ष में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना टाउन थाना से महज 20 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे आसपास मौजूद लोगों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर के भोजनावकाश के दौरान अवर निबंधन पदाधिकारी विशाल कुमार अपने आवास पर गए हुए थे। इसी बीच उनके कार्यालय कक्ष से धुआं और आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कार्यालय कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की और इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
आग पर शुरुआती स्तर पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची बिहार अग्निशमन सेवा की टीम ने पानी का छिड़काव कर पूरी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इस हादसे में कार्यालय में रखी अलमारी, सोफा, कुर्सियां, टेबल सहित अन्य फर्नीचर और कार्यालय का सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और लाखों रुपये की संपत्ति के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित बच गए। कुछ दस्तावेजों को हल्का नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन अधिकारियों के अनुसार इससे निबंधन कार्य पर कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर दोपहर करीब ढाई बजे से जमीन निबंधन का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अवर निबंधन पदाधिकारी विशाल कुमार स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कार्यालय कर्मियों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।






