कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में जीविका ने लखीसराय जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिले के लखीसराय सदर, रामगढ़ चौक, सूर्यगढ़ा और हलसी प्रखंड में चार कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन शुरू किया गया है, जिन्हें दीदी अधिकार केंद्र के तहत जीविका दीदियों द्वारा संचालित किया जाएगा।कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन सफल जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, सूर्यगढ़ा; लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, लखीसराय सदर; उपकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, रामगढ़ चौक तथा अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, हलसी की अध्यक्षों, सचिवों, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्रीमती अनीता कुमारी एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

advertisement

ग्रामीण महिलाओं को घर के पास मिलेंगी कई सुविधाएं

दीदी अधिकार केंद्र के अंतर्गत संचालित इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ उनके गांव और पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना है। अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, आधार नामांकन और अपडेट, बैंकिंग सेवाएं, राशि स्थानांतरण, जॉब कार्ड, खाता खोलना, ऑनलाइन आवेदन, छात्रवृत्ति, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड, कृषि यंत्र बुकिंग तथा ग्रामीण उत्पादों का ऑनलाइन पंजीकरण जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

केन्द्र का उद्धघाटन करती जीविका दीदी
केन्द्र का उद्धघाटन करती जीविका दीदीफोटो: लखीसराय लाइव

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

इस पहल से जहां ग्रामीण महिलाओं को सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी, वहीं जीविका दीदियों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके अलावा महिलाओं को सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जाएंगी।

advertisement

जीविका का लक्ष्य: हर दीदी बने डिजिटल रूप से सशक्त

शुभारंभ समारोह के दौरान लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड, लखीसराय सदर की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी देवी ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्र अब केवल शिकायत निवारण केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और सशक्तिकरण का केंद्र बन गया है। इससे महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी। जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, लखीसराय श्रीमती अनीता कुमारी ने कहा कि जीविका का उद्देश्य हर दीदी को डिजिटल रूप से साक्षर और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कॉमन सर्विस सेंटर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा और महिलाओं को नई पहचान मिलेगी।