लखीसराय जल्द ही बिहार के डेयरी सेक्टर का बड़ा केंद्र बन सकता है। जिले के चानन प्रखंड में प्रस्तावित फ्रोजन सीमेन स्टेशन की स्थापना को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। एनडीडीबी (NDDB) की टीम ने 79.92 एकड़ भूमि का स्थलाकृतिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया है, जबकि शुक्रवार से भूमि सीमांकन और जल्द ही मिट्टी जांच का कार्य शुरू होगा। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
लखीसराय जिले में पशुपालन और डेयरी विकास के क्षेत्र में एक बड़ी पहल आकार लेने लगी है। बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) के प्रस्ताव पर जिले के चानन अंचल के मौजा गोपालपुर में प्रस्तावित फ्रोजन सीमेन स्टेशन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। एनडीडीबी (National Dairy Development Board) की टीम ने स्थल का विस्तृत सर्वेक्षण पूरा कर लिया है।

79.92 एकड़ भूमि का किया गया सर्वेक्षण
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, एनडीडीबी की टीम ने चानन अंचल के मौजा गोपालपुर, थाना संख्या-47, खाता संख्या-192 एवं खेसरा संख्या-1130 की 79.92 एकड़ भूमि का स्थलाकृतिक सर्वेक्षण (टोपोग्राफिक सर्वे) किया। टीम ने पूरे स्थल का निरीक्षण कर परियोजना के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी एकत्र की।

7 अगस्त से शुरू होगा सीमांकन कार्य
सर्वेक्षण के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनडीडीबी के अधिकारियों ने बताया कि भूमि निरीक्षण पूरा हो चुका है और 7 अगस्त 2026 से अंचल अमीन के सहयोग से सीमांकन कार्य शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही जल्द ही मिट्टी जांच (सॉइल इन्वेस्टिगेशन) भी शुरू होगी।

सभी विभाग देंगे तकनीकी सहयोग
बैठक में विभिन्न विभागों की भूमिका भी तय की गई। कार्यपालक अभियंता ने बोरिंग से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विद्युत प्रमंडल ने परियोजना क्षेत्र में बिजली एवं नेटवर्क की उपलब्धता की पुष्टि की। वन विभाग को वृक्षों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जल संसाधन विभाग भी करेगा सहयोग
परियोजना के लिए आवश्यक तकनीकी डाटा जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, जमुई द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही परियोजना के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न आए, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं स्थानीय थाना आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एनडीडीबी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







