लखीसराय। जिले में बिजली व्यवस्था को और बेहतर एवं मजबूत बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बड़हिया एवं विद्यापीठ चौक स्थित विद्युत ग्रिड सब-स्टेशनों तथा अशोक धाम के निर्माणाधीन PSS का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने सबसे पहले बड़हिया में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (GSS) का निरीक्षण किया। यह GSS बड़हिया पावर सब-स्टेशन के समीप बनाया जा रहा है। वर्तमान में बड़हिया PSS की क्षमता 20 मेगावाट है, जबकि करीब 16 मेगावाट विद्युत आपूर्ति की जा रही है। निर्माणाधीन नए GSS की क्षमता 40 MVA है। फिलहाल बड़हिया PSS को हथीदह GSS से बिजली मिल रही है। नए GSS के चालू होने के बाद बड़हिया क्षेत्र बिजली आपूर्ति के मामले में अधिक आत्मनिर्भर होगा। साथ ही अतिरिक्त विद्युत उपलब्ध होने पर प्रतापपुर, बिरूपुर और खुटहा समेत अन्य PSS को भी बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। डीएम ने ग्रिड परिसर की भूमि, कंट्रोल रूम, संचालन व्यवस्था और प्रस्तावित विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया।

बड़हिया में निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
बड़हिया में निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

गंगा घाट की सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बड़हिया STP परिसर के सामने स्थित गंगा घाट का भी जायजा लिया। नमामि गंगे परियोजना के तहत निर्माणाधीन STP के समीप गंगा नदी के जलस्तर और घाट की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। वर्तमान में गंगा का जलस्तर सामान्य से नीचे पाया गया। स्थानीय लोगों ने घाट से गंगाजल ले जाने की जानकारी भी दी। डीएम ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए घाट पर आवश्यक बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा लगाने का निर्देश दिया।

गंगा घाट का निरीक्षण करते डीएम शैलेन्द्र कुमार
गंगा घाट का निरीक्षण करते डीएम शैलेन्द्र कुमार फोटो: लखीसराय लाइव

150 मेगावाट क्षमता वाले GSS की भी समीक्षा

इसके बाद डीएम ने विद्यापीठ चौक, लखीसराय सलोनाचक स्थित 132/33KV GSS का निरीक्षण किया। इस GSS की क्षमता करीब 150 मेगावाट है, जबकि वर्तमान में जिले में लगभग 90 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस GSS से जिले के कुल 16 PSS को बिजली उपलब्ध कराई जाती है। डीएम ने ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग, बिजली की उपलब्धता, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को बिजली आपूर्ति में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सलोनाचक में निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
सलोनाचक में निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

अशोक धाम PSS का भी निरीक्षण

अंत में जिला पदाधिकारी ने नव निर्माणाधीन अशोक धाम PSS का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।