लखीसराय। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को लखीसराय संग्रहालय का भ्रमण कर यहां संरक्षित प्राचीन एवं ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय में रखी दुर्लभ मूर्तियों और उत्कृष्ट व्यवस्था की जमकर सराहना की।
जिला प्रशासन ने किया भव्य स्वागत
संग्रहालय प्रांगण में पहुंचने पर डीएम शैलेन्द्र कुमार ने उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने संग्रहालय के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया और यहां संरक्षित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं के बारे में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने उप मुख्यमंत्री को संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संग्रहालय में लखीसराय और आसपास के क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कलाकृतियां एवं मूर्तियां संरक्षित हैं।
विकास के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाने का निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने लखीसराय संग्रहालय की व्यवस्थाओं और यहां संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने डीएम को संग्रहालय के विकास के लिए एक विस्तृत कार्य योजना तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। उप मुख्यमंत्री ने अपने साथ मौजूद पदाधिकारी को भी निर्देश दिया कि जिला प्रशासन की ओर से संग्रहालय के विकास से संबंधित प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद उस पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। उनके निर्देश से संग्रहालय के विकास, संरक्षण और बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे काम होने की उम्मीद है।

अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर डीएम शैलेन्द्र कुमार (IAS), पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। परिभ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने लखीसराय संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों के प्रदर्शन और यहां की उत्कृष्ट व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनके द्वारा विकास के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश से जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को बेहतर तरीके से संरक्षित और प्रदर्शित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






