सूर्यगढ़ा, लखीसराय। सूर्यगढ़ा पैक्स चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन प्रखंड मुख्यालय स्थित नामांकन केंद्र पर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। अध्यक्ष पद के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि सदस्य पद के लिए 25 अभ्यर्थियों ने अपना पर्चा भरा। नामांकन के बाद समर्थकों ने प्रत्याशियों का फूल-मालाओं, मिठाई और अबीर-गुलाल के साथ स्वागत कर जीत का भरोसा जताया। 29 जुलाई को होगा मतदान प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ मंजुल मनोहर मधुप ने बताया कि 16 और 17 जुलाई तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 18 से 20 जुलाई तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 22 जुलाई को नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जबकि 29 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए कुल छह अभ्यर्थियों ने पर्चा दाखिल किया। इनमें कसवा पंचायत से अजेश कुमार और उद्धव कुमार, चैरा राजपुर पंचायत से शंभु कुमार और प्रवीण कुमार, जबकि बरियारपुर पंचायत से संतोष कुमार एवं प्रकाश महतो शामिल हैं। नामांकन के दौरान समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।

सदस्य पद के लिए भी 25 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा अध्यक्ष पद के अलावा सदस्य पद के लिए भी उम्मीदवारों में उत्साह देखने को मिला। पहले दिन विभिन्न पंचायतों से कुल 25 अभ्यर्थियों ने सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन केंद्र के बाहर पूरे दिन चुनावी चर्चाओं का माहौल बना रहा। गांवों में बढ़ी चुनावी सरगर्मी नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही संबंधित पंचायतों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी गांव-गांव जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। पहले दिन समर्थकों की भीड़ और उत्साह को देखते हुए इस बार पैक्स चुनाव के दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


