लखीसराय: 25 जुलाई को प्रस्तावित राज्यव्यापी छात्र आंदोलन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को लखीसराय टाउन थाना परिसर में विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों और कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

छात्र संगठन के साथ बैठक करते एसडीपीओ शिवम कुमार और एसडीएम प्रभाकर कुमार
छात्र संगठन के साथ बैठक करते एसडीपीओ शिवम कुमार और एसडीएम प्रभाकर कुमार फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

जानकारी के अनुसार, एसएफआई (SFI), एआईएसएफ (AISF), एआईवाईएफ (AIYF), डीवाईएफआई (DYFI), युवा राजद और यूथ कांग्रेस समेत कई छात्र एवं युवा संगठनों ने 25 जुलाई को राज्यव्यापी आह्वान के तहत केआरके मैदान से जिला समाहरणालय तक विरोध मार्च निकालने की अनुमति के लिए प्रशासन को आवेदन सौंपा है।

छात्र संगठन के साथ बैठक करते अधिकारी
छात्र संगठन के साथ बैठक करते अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

आवेदन में बताया गया है कि यह विरोध मार्च दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा जहानाबाद में हुई गोलीबारी की घटनाओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद छात्र संगठनों के प्रतिनिधि जिला प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपेंगे।

advertisement
छात्र संगठन के साथ बैठक करते अधिकारी
छात्र संगठन के साथ बैठक करते अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

टाउन थाना में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम प्रभाकर कुमार एसडीपीओ शिवम कुमार ने छात्र नेताओं और कोचिंग संचालकों से अपील की कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से किया जाएगा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी। वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। 25 जुलाई को होने वाले इस विरोध मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।