लखीसराय। पवई ब्रह्मस्थान हॉल्ट पर जमालपुर-गया मेमू ठहराव को लेकर लंबे समय से चल रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के प्रयासों से रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 63387/63388 जमालपुर-गया मेमू का पवई ब्रह्मस्थान हॉल्ट पर ठहराव देने की मंजूरी प्रदान कर दी है। रेलवे बोर्ड के 31 जुलाई 2026 के आदेश के अनुसार यह ठहराव शीघ्र प्रभावी तिथि से लागू कर दिया गया है।
लंबे समय से थी क्षेत्रवासियों की मांग
पवई ब्रह्मस्थान और आसपास के गांवों के लोग वर्षों से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना था कि ट्रेन नहीं रुकने के कारण उन्हें जमालपुर, किऊल या अन्य स्टेशनों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब इस ठहराव से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
रेलवे बोर्ड के फैसले का स्वागत करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रामशंकर शर्मा उर्फ नुनू सिंह ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री स्वयं पवई ब्रह्मस्थान हॉल्ट पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेल मंत्री का भी जताया आभार
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस मांग को स्वीकार करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य रेल संबंधी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास जारी रहेगा। रेलवे बोर्ड के इस फैसले के बाद पवई ब्रह्मस्थान हॉल्ट सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे वर्षों की मांग पूरी होने और क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।






