लखीसराय। बिहार विधान परिषद कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भावी उम्मीदवार एवं शिक्षा शास्त्री रजनीश रंजन ने आगामी 19 जुलाई 2026 (रविवार) को लखीसराय के के.आर.के. मैदान स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। कार्यक्रम के माध्यम से वे स्नातक मतदाताओं से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और अपने विजन को साझा करेंगे। इस बीच उन्होंने बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि यदि उन्हें स्नातक मतदाताओं का समर्थन मिलता है और वे चुनाव जीतते हैं, तो उनकी पहली प्राथमिकता हर बेरोजगार स्नातक को 5 लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराना होगी।

Image

रजनीश रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि वे पिछले दो दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और अब कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक शिक्षा जगत में काम करने के दौरान उन्होंने स्नातक युवाओं की समस्याओं को नजदीक से देखा है। अब वे इन समस्याओं को नीति स्तर पर उठाकर समाधान की दिशा में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें विधान परिषद भेजती है, तो उनकी पहली प्राथमिकता होगी कि हर शिक्षित बेरोजगार स्नातक को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि युवा नौकरी के इंतजार में समय गंवाने के बजाय अपना रोजगार शुरू कर सकें और आत्मनिर्भर बनें।

Image

रजनीश रंजन ने अपनी दूसरी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार बनने के एक वर्ष के भीतर आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर निर्धारित कराया जाएगा। उनका कहना है कि समय पर परीक्षा और समय पर नियुक्ति सुनिश्चित होने से लाखों अभ्यर्थियों को अनिश्चितता और मानसिक तनाव से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम चुनावी सभा नहीं, बल्कि स्नातक मतदाताओं के साथ खुला संवाद होगा। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाएं, क्षेत्रीय विकास और स्नातकों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में लखीसराय जिले के छह प्रखंडों और एक अनुमंडल कार्यालय में पंजीकृत 3,758 स्नातक मतदाताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। रजनीश रंजन ने कहा कि इससे पहले सहरसा, सुपौल, अररिया और खगड़िया में भी जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जहां बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। लखीसराय का कार्यक्रम भी उसी कड़ी का हिस्सा है।