लखीसराय: जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत लखीसराय के सभी सात प्रखंडों में मॉडल विद्यालयों का शुभारंभ किया गया। बेगूसराय से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन विद्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान सभी विद्यालयों में उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जिले का मुख्य कार्यक्रम बड़हिया प्रखंड स्थित मालती रामाश्रय ज्ञान भारती उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएम शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने संबंधित प्रखंडों में आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लिया।

इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार सरकार के "उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य" अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में मॉडल विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मॉडल विद्यालयों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां प्रशिक्षित एवं योग्य शिक्षकों की उपलब्धता, आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, बेहतर आधारभूत संरचना और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा विद्यार्थियों के लिए सतत एवं व्यापक मूल्यांकन प्रणाली लागू की जाएगी।

डीएम ने बताया कि छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित आकलन करने के लिए साप्ताहिक मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। साथ ही, निर्धारित पोशाक और अनुशासित शैक्षणिक माहौल के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मॉडल विद्यालयों की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।






