लखीसराय। सहयोग शिविर कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिले के सभी सातों प्रखंडों में शिविर आयोजित किए गए। बिहार सरकार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में विभिन्न विभागों ने आम लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। प्रभारी सचिव कँवल तनुज (भा.प्र.से.) ने पंचायत सरकार भवन दामोदरपुर, मध्य विद्यालय झपानी खाबा राजपुर (सूर्यगढ़ा) तथा पंचायत सरकार भवन लक्ष्मीपुर (बड़हिया) में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार, ADM नीरज कुमार तथा DDC सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्टॉलों का निरीक्षण, त्वरित निष्पादन का निर्देश
प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन एवं शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जीविका समूहों को स्वरोजगार के लिए 10 लाख रुपये का प्रतीकात्मक (डमी) चेक भी सौंपा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
अन्नप्राशन और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव और जिला पदाधिकारी ने अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें 'डायल 1930' विषय पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कृषि विभाग ने किसानों को दी महत्वपूर्ण जानकारी
कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों की समस्याओं का पंजीकरण सहयोग पोर्टल पर किया गया। साथ ही किसान निबंधन, बीज, उर्वरक, कृषि यंत्रीकरण, फसल सहायता एवं डिजिटल कृषि सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।






