लखीसराय: जिले के बहुचर्चित प्रोपर्टी डीलर अमरजीत सक्सेना उर्फ पप्पू मेहता हत्याकांड में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पटना जिले के पंडारक निवासी कुख्यात भोला सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लखीसराय व्यवहार न्यायालय में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजीएम) की अदालत में पेश किया गया।

Image

अदालत ने उसे इस मामले में रिमांड पर लेते हुए न्यायिक हिरासत में लखीसराय मंडल कारा भेज दिया। अब मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को दोबारा उसकी पेशी होगी। जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में भोला सिंह के अधिवक्ता ने पहले ही मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजीएम) कोर्ट में आवेदन दायर कर बताया था कि भोला सिंह इस मामले में वांछित है और उसे रिमांड पर लिया जाए। इसी आवेदन पर गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे इस केस में रिमांड पर लेते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि 3 सितंबर 2019 को लखीसराय शहर के चितरंजन रोड पर चर्चित प्रोपर्टी डीलर अमरजीत सक्सेना उर्फ पप्पू मेहता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और बाद में इस हत्याकांड की साजिश तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच को आगे बढ़ाया गया।

Image

करीब सात वर्ष बाद इस चर्चित हत्याकांड में भोला सिंह की लखीसराय कोर्ट में पेशी और न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है। अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां इस बहुचर्चित हत्याकांड में आगे की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इधर भोला सिंह की पेशी को लेकर न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, भोला सिंह के समर्थकों की भी बड़ी संख्या कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।