होमलखीसराय में बारिश ने मचाई तबाही, रेलवे ट्रैक से लेकर सड़कों तक पानी ही पानी; किऊल–भागलपुर रेल परिचालन ठप
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कजरा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर करीब दो फीट पानी जमा होने के कारण किऊल–भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर घंटों तक खड़ी रहीं। वहीं कजरा, अभयपुर और आसपास के निचले इलाकों में भी जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैक की जांच के बाद ही परिचालन बहाल करने की बात कही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक और बारिश की संभावना जताई है।










